
सप्ताह बाद पारा पहुंचा 34 के पार, आज बारिश की संभावना
ग्वालियर। शहर में रविवार को तेज धूप निकलने पर आठ दिन बाद तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 34.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम शुष्क रहने के कारण एक राहत भरी खबर भी है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल अंचल में कई स्थानों पर वर्षा की संभावना है। शनिवार की शाम को शहर में हुई हल्की बारिश के बाद रविवार को तेज धूप निकली। हालांकि शाम के समय बादल घिर आए थे। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मानसून की अक्षीय रेखा भी हिमालय की तलटही में जा पहुंची है। इस कारण मानसून गतिविधियां थमी हुई हैं, लेकिन अब दक्षिण बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण बन गया है। इसके बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ने के साथ मानसून की अक्षीय रेखा भी हिमालय की तलहटी से आगे बढ़ेगी। नतीजतन सोमवार को ग्वालियर एवं चंबल संभाग में वर्षा होने की उम्मीद है। मंगलवार को भी वर्षा होने का क्रम जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस की आंशिक गिरावट के साथ 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल
रविवार को सुबह से ही गर्मी के तेवर तीखे रहे हैं। हालत ये थी कि सुबह 10 बजे तक सूरज सिर पर चढ़ आया था। दोपहर में तो हालत ये थी कि लोग उमस भरी गर्मी से खासे परेशान थे। शाम को जब बादल छा गए तो लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। यही हाल सोमवार को भी देखने को मिला हालांकि सुबह से आसमान पर बादलों ने डेरा डाल लिया जिसके कारण सुबह गर्मी का अहसास कम हुआ लेकिन दोपहर में एक बार फिर से गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने आज बारिश की संभावना जताई है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें