
कार दुर्घटना में सीएम योगी के ओएसडी की मौत
लखनऊ। उत्तरप्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी (ओएसडी) मोतीलाल सिंह की बस्ती में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रुप से घायल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोतीलाल सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कहा जा रहा है कि ये हादसा पशुओं को बचाने के चक्कर में हुआ। जानकारी के मुताबिक गोरखपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में तैनात पूर्व पीसीएस अधिकारी गुरुवार देर रात गोरखपुर से लखनऊ जा रहे थे तभी खजौला के पास ये हादसा हुआ।
पुलिस ने भी शुक्रवार को सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा जिले के मुंडेरवा क्षेत्र में हाईवे पर उनकी कार के सामने किसी आवारा जानवर के आने के कारण हुआ। जानकारी के अनुसार सिंह गुरूवार की रात में स्कार्पियो कार से पत्नी के साथ लखनऊ जा रहे थे। तभी मुंडेरवा के पास हाईवे पर उनकी गाड़ी किसी जानवर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर दुर्घटना की शिकार हो गई। इस हादसे में सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनकी पत्नी और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें